प्रेम भी है...पीर भी है (कविता)


श्रृंगार लिखने की अपेक्षा और पीड़ा को व्यक्त करने की बाध्यता के पशोपेश को दिखाती ये कविता, सृजन को युगधर्म की ओर प्रेरित करने की अभ्यर्थना के साथ

...............................

प्रेम भी है, पीर भी है, चेतना का भार भी है,
प्रेरणा के गीत में नव क्रांति का आधार भी है।
हूँ असहमत मैं तुम्हारे व्यक्तिगत निष्कर्ष से,
स्वार्थ से पोषित दिखावे के कथित आदर्श से।
संवेदना के बीज जब तक अंकुरण न कर सकेंगे,
स्वर हमारे सौम्यता का अनुसरण न कर सकेंगे।
भूख के और पीर के ये ज्वार जब बढ़ते दिखेंगे,
तब कवि कैसे मनोरम गीत को गढ़ते दिखेंगे?
लहु के तालाब में कैसे कुमुदनी ये खिलेंगी?
युद्ध के निर्वात में ये ज्योतियाँ कैसे जलेंगी?
अहम के दवानलों में मिट रहे घर द्वार भी हैं...
वेदना के तीर कुछ मेरे हृदय के पार भी हैं,
प्रेम भी है, पीर भी है, चेतना का भार भी है,

मानता हूं है जरूरी प्रेम का संदेश देना,
हां मगर सबसे जरूरी है उचित परिवेश देना।
घुट रहे स्वातंत्र्य में इस प्रेम का फलना कठिन है,
रूढ़ियों के वेग में इस मार्ग पर चलना कठिन है।
जब भरे बाजार में लज्जा उतारी जा रही हो..
तब भी सत्ता की घृणित सूरत सँवारी जा रही हो!
न्याय को बंधक बनाकर महल कोई सज रहा हो,
कोई हलधर प्राण अपने भूख से लड़ तज रहा हो।
खून सीमा पर निरन्तर सैनिकों का बह रहा हो,
चिता के इस ताप को एक दग्ध अंतर सह रहा हो।
तब कहो कैसे लिखूं मैं इस बसंती फाग को..
किस तरह मैं भूल जाऊं बस्तियों की आग को?
ध्वंस की इस राख में अब भी तो गर्माहट बची है,
इस निराश्रित काव्य में भी सृजन की आहट बची है,
हो रही इन आहटें में मौन के उद्गार भी हैं,
और मानव की पतित संवेदना का सार भी है।
प्रेम भी है, पीर भी है, चेतना का भार भी है,
प्रेरणा के गीत में नव क्रांति का आधार भी है।

-सिद्धार्थ सिंह तोमर

Comments

Post a Comment