पराजित पुण्य के प्रतीक..
रामधारी सिंह 'दिनकर' अपनी पुस्तक ' लोकदेव नेहरू ' में एक बड़ी ही रोचक पर असामान्य बात लिखते हैं "जीत हमेशा सीमित होती है, उससे इतिहास को प्रकाश नहीं पहुंचता, इतिहास को रौशनी अक्सर उस आदमी से मिलती है, जो पुण्य की राह पर हार गया हो। कृष्ण और अशोक, कबीर और अकबर, गांधी और जवाहरलाल- ये पराजित पुण्य के प्रतीक हैं।" पराजित पुण्य? और पराजित पुण्य से इतिहास को कैसा प्रकाश मिलेगा? इतिहास में तो मुख्यतः विजय का वर्णन होता है, यहाँ तक कि पराजित पक्ष भी इसी चेष्ठा में रहता है कि वो कम से कम इतिहास में तो विजेता के रूप में दर्ज हो। इसके अलावा सदियों से हमें यह ही तो बताया गया कि 'सत्यमेव जयते' और पुण्य कभी पराजित नहीं होता! तो फिर पुण्य की पराजय और उससे प्रेरणा लेने की बात कहना हम सामान्य बुद्धि वालों को काफी असामान्य सा लगता है। दिनकर के उपरोक्त कथन को ज्यादातर लोग खारिज करने की कोशिश में ही रहेंगे, या उन्हें अति आशावाद से प्रेरित समझेंगे, पर जो भी इस कथन को भारतीय सांस्कृतिक आदर्शों के संदर्भ में समझने की कोशिश करेगा उसे शायद वही नवनीत प्राप्त हो जो मुझे हुआ। ...

