मध्य मार्ग...
![]() |
| Photo- Internet |
इंसान अपने वजूद को महसूस कर सकता है, वह प्रकृति के तमाम रहस्यों के बारे में जान चुका है, लेकिन एक प्रश्न जो सदा से अनुत्तरित रहा, वो है जीवन का 'purpose' 'कारण', इंसान का इस धरती पर आने का क्या अर्थ है? ये इंसानी सभ्यता का सबसे बड़ा रहस्य है। इस रहस्य ने लाखों लोगों को अध्यात्म की तरफ प्रेरित किया, इसी के इर्द गिर्द कई आध्यात्मिक मतों,धर्मों और शायद कर्मकांडों का भी विकास हुआ।
लेकिन आप ठहर कर सोचिए, क्या इंसान का इस धरती पर सच में कुछ लक्ष्य है? क्या सच में कोई purpose है? यदि इंसान के जीवन का कोई कारण है तो अन्य लाखों प्रजातियों के इस धरती पर होने का भी कोई न कोई कारण होगा? और यदि ऐसा है तो वो प्रजातियां क्यों कभी कोई अध्यात्मिक खोज करती हुई नहीं दिखतीं?
दरअसल ये पूरा विचार कि 'मानव के इस दुनिया में आने के पीछे कोई गूढ़ कारण अथवा रहस्य है,' अपने आप में एक अवैज्ञानिक और अतार्किक बात है। ये पूरी सृष्टि को देखने का एक आत्मकेंद्रित दृष्टिकोण है। इसके जरिये हम इस धरती पर अपने अस्तित्व का औचित्य साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। जब मानव के अस्तित्व को हम पूर्णता में देखेंगे तो अंततः वह भी धरती पर मौजूद करोड़ों प्रजातियों में से एक प्रजाति ही है। जिसने अपनी बुद्धि के बल पर एक जटिल व्यवस्था बना ली है,जो कि दरअसल काफी हद तक नकली या काल्पनिक आधारों पर टिकी हुई है। इस व्यवस्था में उसका अस्तित्व कई स्तरों पर अलग अलग दिखाई देता है। वो एक व्यक्ति होता है,परिवार होता है,नस्ल होता है, जाति होता है...सामाजिक, राजनैतिक और आर्थिक स्तरों पर तमाम खांचों में स्वयं को रख कर अपनी पहचान को बदलता रहता है।
तो क्या इसका मतलब इंसान पशुओं की तरह रहने लगे? क्या हम अपनी सामाजिक व्यवस्था को खत्म कर दें? धर्म,संस्कृति,राज्य, सरकारें,अर्थव्यवस्था यदि सब काल्पनिक है तो क्यों न इन्हें खत्म कर दिया जाए? शायद आपके मन में अभी तक ये प्रश्न कौंधने लगे होंगे...
इन प्रश्नों का सिर्फ एक उत्तर है कि, इंसान को अपनी इन 'काल्पनिक उपलब्धियों' को खत्म करने की जरूरत नहीं है, जरूरी तो है बस ये कि, वो इन्हें थोड़ा कम गंभीरता से ले। इसका तात्पर्य ये भी नहीं है कि हम इनके प्रति उदासीन होकर इन्हें छोड़ दें, जैसा कि कई dystopian दुःस्थानिक विचार रखने वाले लोग मानते हैं। इन्हें कम गंभीरता से लेने का अर्थ ये है कि हम इनकी प्राथमिकता थोड़ी कम कर दें मसलन 'आपको मानसिक खुशी और आर्थिक लाभ में से किसी को चुनना हो तो खुशी को चुनें' और यदि 'संस्कृति और स्वतंत्रता में से चुनने का मौका आये तो स्वतंत्रता चुनें'
लेकिन आज जब हताशा और dystopian होना मुख्य धारा में आ चुका है तो लोग इन चयनों की जरूरत पर भी प्रश्न उठाते हैं, वो अतिवाद की पराकाष्ठा पर जाकर मानते हैं कि सभी समस्याओं के समाधान के तौर पर मानव प्रजाति को खत्म हो जाना चाहिए, हालांकि मैं मानता हूं dystopia की पराकाष्ठा ही दरअसल utopia की शुरुआत है। शायद मानव विहीन धरती एक काफी आदर्श स्थिति होगी? लेकिन क्या utopia और dystopia इन दो पगडंडियों के बीच मौजूद अनछुए जंगल को तलाशने की हमने कभी कोई कोशिश की है? क्या कोई ''मध्य-मार्ग'' हो सकता है? दुखांत और सुखांत में द्वंद के बीच क्या कहानी को एक बिल्कुल अलग तरीके से खत्म किया जा सकता है? क्या हम जीवन की क्षणिकता और अर्थहीनता को स्वीकार करते हुए भी उत्साहित रह सकते है? क्या तर्क और विश्वास में कोई साम्य हो सकता है? क्या हम अपने अस्तित्व का काल्पनिक औचित्य साबित किये बगैर एक बेहतर दुनिया छोड़कर जा सकते हैं? जहां इंसान का होना या न होना धरती पर कोई असर न डाले। जहाँ हम भी सही मायनों में उन करोड़ों प्रजातियों में एक होकर, अपने उत्कृष्टता के भ्रम को त्याग सकें?
ऐसे कुछ प्रश्नों को अनुत्तरित छोड़ देना भी काफी खूबसूरत होता है जैसे कोई अधूरी कविता या अधूरा चित्र कई बार हमें दुनिया को देखने का एक नया नजरिया देता है, वैसे ही मानव के जीवन का लक्ष्य एक ऐसा ही अनुत्तरित सवाल है जिसका कभी कोई उत्तर नहीं मिल पायेगा, ये सवाल हमें दुनिया के सभी वैज्ञानिक प्रश्नों के उत्तर मिलने के बाद भी हमारे अस्तित्व की क्षणिकता का अहसास कराता रहेगा। अब ये हम पर है कि हम इस क्षणिकता में उत्सव तलाशते हैं या शोक। यदि उत्सव तलाशेंगे तो दुनिया हमारे जाने के बाद किसी और के आने के लिए भी बची रहेगी...और यदि शोक को तलाशने की कोशिश करेंगे तो हम इसे एक उजाड़ सराय की तरह छोड़ कर जायेंगें।
-सिद्धार्थ सिंह तोमर


Comments
Post a Comment