रामदेव का दावा कितना सच..
![]() |
| Photo- Internet |
भारतीय संविधान के मूल कर्तव्यों में भले ही वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की बात की गई हो, लेकिन मूलतः भारतीय समाज एक विश्वास आधारित सोच रखने वाला समाज है. हमने एक समाज के तौर पर विज्ञान की जटिलताओं को समझने और गहनताओं को तलाशने की कभी कोई कोशिश नहीं की, इसका एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक सन्दर्भ भी है जिस पर फिर कभी बात करेंगे। लेकिन यदि इसे वर्तमान संदर्भ में देखें तो कोरोना महामारी को एक आशा की किरण के तौर पर भी देखा जा रहा था, लोगों को उम्मीद थी कि अब भारतीय समाज विज्ञान के विषयों पर गंभीरता से विमर्श करेगा, लेकिन हुआ इसका विपरीत, हमने इस संकट काल में भी विज्ञान की तरफ जाने की जगह तमाम तरह के झूठ और अंधविश्वासों को गले लगाने का काम किया है। इसका सबसे ताजा उदाहरण है कोरोना की आयुर्वेदिक दवाई बना लेने का दावा।
न तो आयुर्वेद से मुझे कोई समस्या है न मैं इसका विरोधी हूँ, मैं आयुर्वेद और आधुनिक चिकित्सा पद्दति को एक दूसरे का विरोधी नहीं बल्कि पूरक मानता हूँ, मैं इस बात का हामी हूँ कि जिन क्षेत्रों में आयुर्वेदिक पद्दति मजबूत है वहां आधुनिक चिकित्सा को आयुर्वेद से सीखने की जरूरत है। जीव विज्ञान का छात्र होने के कारण मैं कई आयुर्वेदिक उपचारों के पीछे मौजूद वैज्ञानिक तथ्यों से परिचित हूँ, और ये मेरा मत है कि आयुर्वेद के क्षेत्र में व्यापक वैज्ञानिक शोध की कई संभावनाएं हैं।
कोरोना महामारी के दौरान जब सभी मीडिया चैनलों पर कोरोना के आयुर्वेदिक “इलाज” का दावा प्रसारित किया गया तब मुझे इस दावे की तथ्यात्मकता जानने की इच्छा हुई, किसी भी दावे की तथ्यात्मकता जानने के लिए आपको वो सभी विकल्प सबसे पहले तलाशने चाहिए जो पब्लिक डोमेन में हैं, सो मैंने भी ऐसा ही किया। हालाँकि आयुष मंत्रालय ने इस पूरे दावे पर ये कह कर सवाल खड़े कर दिए कि “इसके लिए मंत्रालय से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई है” पर इसके जवाब में पतंजली आयुर्वेद द्वारा जारी एक पत्र ने इस पूरे विवाद के कई रोचक पहलू खोल दिए हैं तो आइये “क्रोनोलोजी” समझते हैं।
दिनांक 23 जून 2020 दोपहर में स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और NIMS जयपुर के डॉ बलबीर सिंह तोमर एक प्रेस कांफ्रेंस करते हैं. सनद रहे कि NIMS एक प्राइवेट संस्थान है भले ही नाम नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च हो। इस प्रेस कांफ्रेंस में सबसे बड़ा दावा किया जाता है कि कंट्रोल क्लिनिकल ट्रायल के आधार पर पतंजलि आयुर्वेद ने कोरोना की दवा खोज ली है।
दिनांक 23 जून सायं 6 बजे आयुष मंत्रालय ANI के माध्यम से बयान जारी करता है कि “पतंजलि आयुर्वेद से इस दावे की जानकारी मांगी गई है और इसकी पुष्टि न होने तक दवा के प्रचार पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
दिनांक 23 जून रात 8 बजकर 28 मिनट पर पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण की तरफ से एक TWEET किया जाता है जिसमें वे कहते हैं कि “यह सरकार आयुर्वेद को प्रोत्साहन व गौरव देने वाली है जो communication gap था वह दूर हो गया है व Randomised Placebo Controlled Clinical Trials के जितने भी Standard Parameters हैं उन सबको 100% fullfill किया है इसकी सारी जानकारी हमने आयुष मंत्रालय को दे दी है”
दिनांक 23 जून रात 8 बजकर 53 मिनट पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण फिर एक फेसबुक पोस्ट करते हैं, इस फेसबुक पोस्ट में वो एक लेटर पोस्ट करते हैं जिसका रेफरेंस नम्बर PRFT/D4/0620/035 है ये लेटर 23 जून 2020 को शाम 7 बजे आयुष मंत्रालय के ड्रग पालिसी सेक्शन को लिखा गया है, ये लेटर आयुष मंत्रालय के उस इमेल के जवाब में लिखा गया जिसमें निम्न जानकारियां मांगी गई थीं।
1.COVID 19 के इलाज का दावा करने वाली दवाइयों का विवरण।
2.COVID 19 के संदर्भ में की गई रिसर्च और रिसर्च इंस्टिट्यूट की जानकारी।
3.IEC और CTRI के अप्रूवल की जानकारी।
बिंदु 1 के जवाब में पतंजलि द्वारा 3 रिसर्च पेपर के सन्दर्भ भी दिए हैं. जिनके बारे में आगे विस्तृत चर्चा करेंगे। वहीं बिंदु 2 और 3 के जवाब में क्रमशः रिसर्च इंस्टीट्यूट का पता और IEC व CTRI से अप्रूवल की जानकारी दी गई है।
CTRI और IEC क्या हैं?
CTRI का फुल फॉर्म होता है Clinical Trial Repository of India किसी भी क्लिनिकल ट्रायल को करने से पूर्व उस ट्रायल को यहां रजिस्टर कराना अनिवार्य होता है। ट्रायल का विवरण यहाँ से अप्रूव होने के बाद ही आगे क्लिनिकल ट्रायल हो सकते हैं। CTRI सिर्फ ट्रायल की methodology को अप्रूव करता है, इसका ट्रायल के परिणामों से कोई लेना देना नहीं होता। अतः CTRI से स्वीकृति परिणामों की सत्यता का मापदंड नहीं हैं।
IEC का फुल फार्म है, institute ethical committee ये संस्थान की कमेटी होती है इसका काम ये देखना होता है कि संस्थान में चल रहे क्लिनिकल ट्रायल सभी जरूरी मापदंडों के आधार पर हैं या नहीं। ये भी सिर्फ ट्रायल की methodology को देखती है उसके परिणामों को नहीं।
अब बात करते हैं पतंजलि ने बिंदु 1 के जवाब में जो रिसर्च पेपर संदर्भित किये हैं, ये गिनती में तो 3 हैं पर एक ही लिंक दरअसल दो बार लिख दिया गया है। तो कुल 2 ही रिसर्च पेपर हैं।
रिसर्च पेपर 1 लिंक ( https://www.sciencedirect.com/science/article/pii/S0753332220302547 )
विवरण - ये रिसर्च biomedicine and pharmacotherapy नामक जर्नल में जून 2020 में Calcio-herbal formulation, Divya-Swasari-Ras, alleviates chronic inflammation and suppresses airway remodelling in mouse model of allergic asthma by modulating pro-inflammatory cytokine response नाम से प्रकाशित हुई है जर्नल का इम्पैक्ट फैक्टर 3.8 है।
इस रिसर्च में स्वशारी नामक दवाई का प्रयोग कर के चूहों में श्वांस संबंधी बीमारियों को खत्म करने पर काम किया है। गौरतलब है कि इसमें कहीं भी कोरोना वायरस पर रिसर्च नहीं हुई है इस रिसर्च में स्वशारी रस में कैल्शियम की मात्रा होने की बात की गई है जो एलर्जी से होने वाले रिस्पॉन्स को रोकती है, और जिसके जरिये सांस सबंधी बीमारियों को रोका जा सकता है। स्वशारी कोई नई दवा नहीं है इसे कई वर्षों से सांस संबंधी रोगों के उपचार में इस्तेमाल किया जा रहा है। इन रोगों में भी इसकी उपयोगिता बिल्कुल अलग विषय है जिसपर फिलहाल कोई टिप्पणी नही करना ही उचित है।
रिसर्च पेपर 2 लिंक ( https://www.authorea.com/users/312350/articles/442940-tinospora-cordifolia-giloy-may-curb-covid-19-contagion-tinocordiside-disrupts-the-electrostatic-interactions-between-ace2-and-rbd )
विवरण- Tinospora cordifolia (Giloy) may curb COVID-19 contagion: Tinocordiside disrupts the electrostatic interactions between ACE2 and RBD इस पेपर ने मुझे सबसे ज्यादा अचंभित किया, इसलिए नहीं कि इसमें कोई बहुत शानदार रिसर्च हुई है बल्कि इसलिए कि ये पेपर अभी तक पब्लिश/प्रकाशित ही नहीं हुआ है। पोस्ट लिखे जाने तक ये पेपर pre print स्टेज पर ही है। अब इसकी रिसर्च की बात करें तो ये पूरी तरह कंप्यूटर आधारित रिसर्च है, अर्थात कम्प्यूटर सिमुलेशन के जरिये इंसानी कोशिका के ACE रिसेप्टर की RBD प्रोटीन का मॉडल तैयार किया गया इस प्रक्रिया को मॉलिक्यूलर मॉडलिंग कहते हैं। और इस मॉडल से गिलोय में पाए जाने वाले Tinocordiside कम्पाउंड की कम्प्यूटर सिमुलेशन के जरिये ही docking कराई गई, docking का लक्ष्य ये पता करना होता है कि कोई कम्पाउंड किसी बायो-मोलिक्यूल से किस तरह interact करता है। इस कम्प्यूटर आधारित रिसर्च में ये बताया गया है कि Tinocordiside ACE रिसेप्टर से जा कर electrostatic फोर्स के जरिये interact कर रहा है, यही रिसेप्टर है जिससे कोरोना वायरस जा कर जुड़ता है चूँकि अब Tinocordiside इस रिसेप्टर से जुड़ कर इसे ढंक लेगा तो कोरोना का वायरस इस रिसेप्टर के जरिये इंसानी कोशिका में नहीं घुस पायेगा। इस रिसर्च के लिए डिस्कवरी स्टूडियो नामक मॉलिक्यूलर मॉडलिंग सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल हुआ, ये रिसर्च एक अप्रकाशित और कम्प्यूटर पर आधारित रिसर्च है अतः ये भी कोरोना के इलाज से संबंधित नही मालूम पड़ती है।
ये तो रही बात पतंजलि द्वारा दिये गए तथाकथित "सबूतों" की, पर क्या पतंजलि ने Evidence based Clinical trial भी ठीक ढंग से किये?
इस सवाल का जवाब आपको 24 जून 2020 को इंडिया TV पर दिए स्वामी रामदेव के बयान में मिल जाएगा,
स्वामी रामदेव के अनुसार ये ट्रायल 100 लोगों पर किये गए जिनमें से आधे लोगों को दवा दी गई और आधे लोगों को दवा नहीं दी गई, दवा लेने वाले मरीज बिना लक्षण वाले, माइल्ड अथवा कम लक्षणों वाले मरीज थे। इनमें से कोई भी वेंटिलेटर या ICU वाला मरीज नहीं था। अगर सैम्पल के छोटे साइज और इसके distribution की गलतियों को नजरअंदाज कर भी दिया जाए तो भी कुछ सवाल उठते हैं,
1. जब कोरोना के सीरियस मरीजों को ही सबसे ज्यादा उपचार की जरूरत है तो ये दवा उनपर टेस्ट क्यों नहीं की गई?
2. Co morbidity वाले मरीज जैसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, कैंसर और न्यूरल बीमारियों वाले मरीजों पर इसे टेस्ट क्यों नहीं किया गया?
3. ICMR के अनुसार 80% बिना लक्षण वाले मरीज बिना किसी दवा के ठीक हो जाते हैं, तो इन पर दवाई को टेस्ट करने का क्या औचित्य है?
4. सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न जो अनुत्तरित है कि "क्या इन सभी मरीजों को सिर्फ कोरोनिल दवा ही दी गई और इसके साथ क्या कोई और ऐलोपैथिक दवा नहीं दी गई?"
अब जरा एक और आधार पर भी इस दावे का विश्लेषण कर लिया जाए... किसी भी दवा की जांच सबसे पहले ADMET properties के आधार पर होती है।
A- Absorption (शरीर में दवा कहाँ अवशोषित हुई)
D- Distribution (शरीर में दवा किस तरीके से अपने लक्ष्य तक पहुंची)
M- Metabolism (दवा का metabolism कैसे हुआ)
E- Excretion (दवा को शरीर से बाहर निकालने की प्रक्रिया क्या है)
T- Toxicity (दवा की वो मात्रा जिसपर वो हानिकारक है)
ADMET किसी भी दवा के विकास में सबसे पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। अब बाबा रामदेव बताएं कि ये जो कोरना की दवा का दावा वो कर रहे हैं उसकी ADMET properties क्या हैं।
इसी के साथ प्रश्न तो ये भी बनता है कि क्लिनिकल ट्रायल की कितनी स्टेज इस दवा ने पूरी कर ली हैं.?
ये सब पढ़ने के बाद यदि किसी को मुझे देशविरोधी या संस्कृति का विरोधी बताने की इच्छा हो तो खुशी से बताए।
जिस तरह दवा का विरोध सिर्फ आयुर्वेदिक दवा होने के कारण करना गलत है उसी तरह इसका समर्थन भी सिर्फ आयुर्वेदिक होने के आधार पर करने का कोई औचित्य नहीं है। आयुर्वेद एक विज्ञान पर आधारित कारगर चिकित्सा पद्दति है और आयुर्वेद में व्यापक शोध की संभावनाएं मौजूद हैं, भारत की पहचान आयुर्वेद से भी होती है तो हमें जरूरत है कि इसकी गंभीरता को बनाये रखें, आयुर्वेद का नाम लेकर किया गया कोई भी गैर तथ्यात्मक दावा अंततः आयुर्वेद को ही नुकसान पहुंचाता है। भारत में तमाम ऐसे लोग हैं जो आयुर्वेद के क्षेत्र में गंभीर शोध कर रहे हैं, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण हल्दी पर किया गया शोध है जिसे वैश्विक मान्यता प्राप्त हो चुकी है। यदि हम आयुर्वेद का विस्तार देखने के इच्छुक हैं तो हमें गंभीर वैज्ञानिक शोध की दिशा में बढ़ना होगा।
जय हिंद!
........
किसी भी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि पर जरूर ध्यान आकृष्ट करें।

Thanks for making both the site of coin visible to us.
ReplyDeleteThank you
DeleteNicely described. Keep it up..
ReplyDeleteThank you sir!
DeleteVery Informative keep it up
ReplyDeleteThank you!
DeleteGood
ReplyDeleteThanks!
Delete