क्या हमें सही इतिहास नहीं पढ़ाया जाता ?
हिटलर के जर्मनी की सत्ता हथियाने के बाद जर्मनी की शिक्षा व्यवस्था
में बहुत बड़े पैमाने पर बदलाव किये गए, 'नस्लीय चेतना' 'राष्ट्रीय कर्तव्य' 'नस्लीय श्रेष्ठता' 'उदारवाद की कमियां' 'यहूदी षडयंत्र' जैसी बहुत सी बातें छात्रों
को स्कूल के स्तर से ही सिखाई जाने लगीं। कक्षा की शुरुआत से पहले हिटलर के लिए
गीत गाना, हर कक्षा में हिटलर की तस्वीर होना और स्कूल में हर नोटिस बोर्ड पर
नाज़ी पोस्टर लगाना अनिवार्य कर दिया गया।

अब सवाल उठता है कि ऐसा करने के पीछे नाज़ियों की सोच क्या थी? क्यों हिटलर ने जर्मन
शिक्षा व्यवस्था में अपना प्रोपगंडा शामिल करना जरूरी समझा? इसका उत्तर तलाशने के लिए
हमें किसी भी निरंकुश शासन व्यवस्था के पूरे ecosystem को समझना पड़ेगा, किसी भी तानाशाह के लिए
भावनात्मक मुद्दों को हवा देकर, जन भावनाएं भड़काकर सत्ता
में आना तो आसान होता है, पर जब वो जनता की अपेक्षाओं
पर खरा नहीं उतर पाता तो जनता में उसके प्रति असंतोष पैदा होता है। इस असंतोष के
बीज सबसे पहले स्कूलों और कॉलेजों में अंकुरित होते हैं, क्योंकि शिक्षित वर्ग की
अपेक्षाओं में सिर्फ रोटी,कपड़ा और मकान ही नहीं होता
वैचारिक स्वतंत्रता भी उनकी जरूरत होती है।
अतः सत्ता में आने के बाद हर तानाशाह की पहली कोशिश शिक्षा के जरिये
अपना प्रोपगंडा छात्रों के दिमाग में भरने की होती है। ये काम 3 चरणों में होता है,
पहला चरण होता है पुरानी शिक्षा व्यवस्था की 'कमियों' को संस्थागत तौर पर सुधारने की कोशिश, मतलब शिक्षा व्यवस्था में अपनी विचारधारा के लोगों को नियुक्त करना।
दूसरा चरण होता है छात्रों को ये विश्वास दिलाना कि उनको अभी तक गलत
शिक्षा दी गई, और इसमें सबसे ज्यादा इस्तेमाल इतिहास का किया जाता है, मसलन छात्रों को विश्वास
दिलाया जाता है कि उन्हें अबतक 'गलत इतिहास' पढ़ाया गया है। क्योंकि
इतिहास के जरिये ही अक्सर तानाशाह अपने हर काम को जायज़ ठहराते हैं।
तीसरा चरण होता है सुधार के नाम पर पूरी शिक्षा प्रणाली के जरिये
सत्ता अनुकूल विचारों को फैलाना और पाठ्यक्रमों में प्रोपगंडा को शामिल करना।
यदि ये सारे चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हो जाएं तो शिक्षा व्यवस्था के
जरिये एक ऐसी पीढ़ी तैयार होती है जो तानाशाह के प्रति पूरी तरह वफ़ादार होती है और
उसके लिए अपनी जान तक देने के लिए तैयार होती है। इस बात को हिटलर समेत कई
तानाशाहों ने समझा और शिक्षा में बदलाव को एक जरुरी नीति बनाया।
अब कई लोग ये सोच रहे होंगे कि "आज के समय इस विषय पर लिखने का
क्या औचित्य है?"
इस विषय पर लिखने के लिए मुझे एक वीडियो ने प्रेरित किया जो मैंने
फेसबुक पर देखा था। इस वीडियो में एक वक्ता जो भारत के दक्षिणपंथी लोगों में काफी
लोकप्रिय हैं, ये कहते हुए सुनाई देते हैं कि आजतक आपको "गलत इतिहास पढ़ाया गया
है, आपको मुगलों का इतिहास पढ़ाया गया पर भारत के महान शासकों का इतिहास
नहीं पढ़ाया गया, आपको जानबूझकर "गलत इतिहास" पढ़ाया गया और इसके पीछे एक बड़ी
राजनैतिक साजिश है" इस बात को और भी कई मौकों
पर सामाजिक विमर्श में स्थापित करने की कोशिश भारत के दक्षिणपंथी वर्ग द्वारा की
गई है।
मुझे इस कथन की तथ्यात्मकता जानने की उत्सुकता भी है और जरूरत भी, अब हम तथ्यों के आधार पर
देखते हैं कि क्या हमारी इतिहास की किताबों में भारतीय शासकों के बारे में नहीं
बताया गया? क्या किसी साजिश के तहत भारतीय इतिहास को छिपाया गया?
इसको जांचने के लिए हम कक्षा छठवीं से लेकर बारहवीं तक की NCERT द्वारा प्रकाशित
पाठ्यपुस्तकों का विश्लेषण करेंगे, और देखेंगे कि क्या ये सच
है कि छात्रों को भारतीय इतिहास से जानबूझकर दूर रखा गया?
इस पुस्तक में कुल 11 पाठ हैं, जिन्हें यदि आप देखेंगे तो
आप समझ जाएंगे कि इसके पीछे कितनी मेहनत और शोध किया गया है, बच्चों के लिए सरल और बहुत
ही जरूरी ऐतिहासिक जानकारियां इसमें आपको मिलेंगी। इतिहास को पढ़ने और समझने के लिए
जो शुरुआती जरूरतें होतीं हैं पहले पाठ में उसे विस्तार से बताया गया है, कैसे पुरातात्विक खोजों ने
हमें इतिहास को देखने का नया नजरिया दिया ये आपको इससे समझ आएगा। शुरुआती सभ्यताएं
और आदिमानव पर एक पूरा पाठ है, शुरुआती नगरों, मोहनजोदड़ो, हड़प्पा, लोथल, वैदिक सभ्यता, ऋग्वेद, संस्कृत भाषा, विश्वामित्र और नदियां, पुराने औजार और सीवर
प्रणाली, पुरातात्विक खोजों का अध्ययन आदि विषय पाठ 4 में हैं, पाठ 5-8 में प्राचीन गणराज्य, महाजनपद, वर्ण व्यवस्था, कृषि व्यवस्था, मगध साम्राज्य, सारनाथ और बौद्ध धर्म, उपनिषद, व्याकरण, जैन धर्म, सम्राट अशोक पर एक पूरा पाठ
(पाठ-7) प्राचीन गांव, समृद्ध शहर, मूर्तिकला, यात्रा विवरण आदि पाठ 8 में मिलेंगे। पाठ 9-11 में आपको व्यापारी, राजा,तीर्थयात्रियों, नए साम्राज्य और राज्य, प्रशस्ति साहित्य, समुद्रगुप्त प्रशस्ति, विक्रम संवत, वंशावलियां, हर्षवर्धन, पल्लव, चालुक्य और पुलकेशिन, पुरानी सैन्य व्यवस्था, ऐतिहासिक इमारतें, धातु विज्ञान, लौह स्तम्भ, सांची स्तूप, महाबलीपुरम के मंदिर, अजंता एलोरा की गुफाएं, प्राचीन चित्रकला, प्राचीन ग्रन्थ, कालिदास रचित मेघदूत, लोककथा, प्राचीन विज्ञान, भास्कराचार्य, शून्य की खोज और आयुर्वेद
आदि का वर्णन मिलेगा।
इसमें कुल 10 पाठ हैं पहला पाठ राजनीति, समाज, कृषि, तकनीकी, भाषा और धर्म के क्षेत्र
में हुए बदलावों पर आधारित है, दूसरा पाठ सातवीं शताब्दी
के बाद उदित राजवंशों जैसे गुर्जर प्रतिहार, चौहान, राष्ट्रकूट, और चोल, महमूद गजनवी का सोमनाथ पर
हमला, कांस्य मूर्तिकला, सिंचाई और कृषि, और दक्षिण भारतीय राज्यों
की शासन व्यवस्था पर आधारित है। तीसरे पाठ में दिल्ली के सुल्तानों और उनकी शासन
व्यवस्था, विस्तार, सैन्य अभियान, मस्जिदों और किलों का
निर्माण, रजिया सुल्तान, सामाजिक और अर्थिक व्यवस्था
में हुए बदलावों का वर्णन है। चौथे पाठ में मुग़ल साम्राज्य, सैन्य अभियान, साम्राज्य का विस्तार, महत्वपूर्ण युद्ध, उत्तराधिकार की परंपराएँ, मनसबदार और जागीरदारी
व्यवस्था, अकबरनामा, आइन ए अकबरी, जहांगीर, और 17 वीं शताब्दी और बाद के मुग़ल
साम्राज्य के बारे में बताया गया है। पांचवे पाठ में इमारतें, मंदिर मीनारें और उनसे जुड़ी
इंजीनियरिंग के बारे में, मंदिरों को नष्ट करने के
संदर्भ और कारण, बाग़ मकबरे और किले, ताजमहल, फतेहपुर सीकरी और
शाहजहानाबाद की वास्तुकला और प्लानिंग आदि के बारे में बताया गया है। छठे पाठ में
नगरीय व्यवस्था, शिल्पिजन, व्यापारी, कलाकार, व्यापार मार्ग, मंदिर नगर व तीर्थ केंद्र, सूरत व मछलीपट्टनम से
पश्चिम के साथ व्यापार, बड़े और छोटे व्यापारियों का वर्णन है। सातवें पाठ में जनजातियां, खानाबदोश और एक जगह बसे हुए
समुदाय, पशुपालन आधरित प्रमुख जनजातियाँ, गोंड जनजाति, रानी दुर्गावती, राजा अमन दास, अहोम जनजाति, अहोम और मुगलों के बीच हुए
युद्ध और अहोम जनजाति की राजनैतिक व सामाजिक व्यवस्था का वर्णन है। आठवें पाठ में
भक्ति और अध्यात्म, ईश्वर का विचार, विष्णु और दुर्गा जैसे
देवता, पौराणिक कथाएं, नायनार और अलवार भक्ति
परम्परा, दर्शन और भक्ति, वीरशैववाद, महाराष्ट्र के सन्त, सन्त तुकाराम, नरसी मेहता, नाथ सम्प्रदाय, सिद्ध व योगी, इस्लाम व सूफी मत, सूफी संत, कबीर, गुरुनानक, सूरदास, शंकरदेव और मीराबाई पर
चर्चा की गई है।
नौंवे पाठ में क्षेत्रीय संस्कृतियों के बारे में है, इसमें चेर और मलयालम भाषा
के विकास, शासक और उनकी धार्मिक परंपराएँ, जगन्नाथ पुरी और जगन्नाथी
संप्रदाय, राजपूत और शूरवीरता की परंपराएँ, कथक नृत्य की कहानी, शास्त्रीय नृत्य, लघुचित्रों की परंपरा, बंगाल की संस्कृति और भाषा
का विकास, पीर और मंदिर जैसे विषयों का समावेश है। दसवें और अंतिम पाठ में
अठाहरवीं शताब्दी के नए राजनैतिक गठन और नई भारतीय शक्तियों के उभार के बारे में
चर्चा की गई है, इसमें मुग़ल साम्राज्य का पतन, नादिरशाह का दिल्ली पर
आक्रमण, हैदराबाद, अवध और बंगाल जैसे नए राज्यो का उदय, राजपूतों की वतन जागीरी और
नए प्रान्तों में विस्तार, चित्तौड़गढ़ किला,जयपुर के राजा जयसिंह, सिख साम्राज्य का उदय, गुरु गोविंद सिंह, खालसा पंथ, बाबा बन्दा बहादुर महाराजा
रणजीत सिंह, मराठा साम्राज्य, छत्रपति शिवाजी महाराज, मराठा साम्राज्य का विस्तार, पानीपत का तीसरा युद्ध, जाट सत्ता का उदय और
महाराजा सूरजमल आदि का उल्लेख मिलता है।
ज्यादातर पाठक तो अभी तक समझ गए होंगे कि ये गलत इतिहास पढ़ाने वाली
बात कितनी खोखली है लेकिन फिर भी मैने आपसे कक्षा 12वीं तक की पुस्तकों के
विश्लेषण का वादा किया है, जिससे कोई शक की गुंजाइश न
रह जाये, तो चलिए आगे बढ़ते हैं कक्षा 8 की इतिहास पुस्तक की ओर..
इसमें भी 10 पाठ हैं, आप इसे जब पढ़ेंगे तो पाएंगे कि इस पुस्तक का लहजा पिछली दोनों
पुस्तकों के मुकाबले थोड़ा बदला हुआ सा है, इसमें इतिहास को एक वैश्विक
संदर्भ देने की कोशिश है, जिससे छात्र भारतीय इतिहास
को पूरे वैश्विक परिदृश्य के हिसाब से समझें। पहला पाठ "कैसे, कब और कहाँ" इसमें
इतिहास को दर्ज करने के नियम, प्रणाली, इतिहास के स्रोत, अभिलेख और अभिलेखागार, सर्वेक्षण, अधिकृत रिकॉर्ड में कमियां
और अधिकृत व अनाधिकृत रिकॉर्ड्स के बीच मे अंतर के बारे बात की गई है। दूसरे पाठ
में व्यपार और ईस्ट इंडिया कंपनी का उदय, बंगाल में कंपनी का विस्तार, व्यापार और युद्ध, प्लासी का युद्ध, रोबर्ट क्लाइव, सिराजुदौला आदि, टीपू सुल्तान, मराठों से कम्पनी का युद्ध, रानी चेनम्मा, महादजी सिंधिया और नाना
फडणवीस, अफगान युद्ध, आंग्रेज़ो और सिखों के बीच
युद्ध, डलहौजी और विलय की नीति, संबलपुर, उदयपुर, झांसी, सतारा और अवध पर कब्जा, नई शासन व्यवस्था, हिन्दू और मुस्लिम कानून और
कम्पनी की फौज के बारे में बताया है, तीसरे पाठ में ग्रामीण
क्षेत्रो पर शासन, जमींदारी, खेती में सुधार, राजस्व की नई व्यवस्था, मुनरो की व्यवस्था, यूरोप के लिए फसलें और नील
की खेती और नील विद्रोह का वर्णन है। चौथा पाठ आदिवासी संस्कृति, झूम खेती, आदिवासी समूहों की जीवन
पद्धति, औपनिवेशिक शासन के आदिवासियों पर प्रभाव, वन कानून व व्यापार की
समस्या और बिरसा मुंडा के विद्रोह पर आधारित है। पांचवां पाठ 1857 की महान क्रांति पर आधारित
है, इस पाठ में क्रांति के कारणों और उसके प्रभावों दोनों पर काफ़ी
विस्तृत चर्चा की गई है। इस पाठ में नवाबों का पराभव, अवध और अन्य रियासतों का
विलय, किसानों और सिपाहियों में असंतोष, सैनिक विद्रोह का जनविद्रोह
बनना, मेरठ और दिल्ली में लड़ाइयां, मंगल पांडे, बहादुर शाह जफ़र, नाना साहेब, लखनऊ पर कब्जा, रानी लक्ष्मीबाई, वीर कुंवर सिंह, बेग़म हजरत महल, रानी अवंतीबाई लोधी, दिल्ली व लखनऊ पर अंग्रेजों
का दोबारा कब्जा और विद्रोह के बाद के कुछ सालों में हुई राजनैतिक उथल पुथल के
बारे में वर्णन मिलता है। पाठ 6 में तत्कालीन भारत के
कामगारों, बुनकरों और फैक्ट्री मालिकों के बारे में बताया है, कपड़ा उद्योग, लौह उद्योग और आधुनिक
फैक्ट्रियों के उदय के साथ पारंपरिक बुनकरों की समस्याओं की कहानी आपको इस पाठ में
मिलेगी। पाठ 7 में अंग्रेजी शिक्षा के बारे में वर्णन है, इस पाठ में मैकाले, जेम्स मिल, धार्मिक शिक्षा, व्यवसाय के लिए शिक्षा, बंबई विश्वविद्यालय का
निर्माण, स्थानीय पाठशालाओं की स्थिति, विलियम ऐडम की रिपोर्ट, राष्ट्रीय शिक्षा की
कार्यसूची, गांधी जी द्वारा अंग्रेजी शिक्षा की आलोचना के साथ ही रबिन्द्रनाथ
टैगोर के शांति निकेतन बारे में भी बताया गया है। पाठ 8 महिलाओं और जाति सुधारों पर
केंद्रित है ये पाठ सती प्रथा, तत्कालीन भारत में महिलाओं
के अधिकार, जातीय भेदभाव, छुआछूत, परिवर्तन की दिशा में उठते
कदम, ब्रह्म समाज, राजा राममोहन राय, विधवाओं के उत्थान के लिए
प्रयास, धार्मिक सुधारवादी आंदोलन, स्वामी विवेकानंद, आर्य समाज, स्वामी दयानंद सरस्वती, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, विधवा पुनर्विवाह आंदोलन, स्त्री शिक्षा के लिए प्रयास, मुस्लिम महिलाओं में शिक्षा
सुधार, भोपाल की बेगमें, पंडिता रमाबाई, बाल विवाह के खिलाफ कानून, जातीय सुधार, समानता और न्याय की मांग, सतनामी आंदोलन, गुरु घासीदास, श्री नारायण गुरु, ज्योतिबा फुले, मंदिर प्रवेश आंदोलन, अंबेडकर और पेरियार और सर
सैयद अहमद खान के सुधारात्मक कार्यों पर चर्चा करता है। पाठ 9 राष्ट्रीय आंदोलन और उसके
संगठन पर आधारित है, इस पाठ में 1870 से 1947 तक के भारत और भारतीय
राष्ट्रवाद के विकास को बताया गया है इस पाठ में आपको राष्ट्रवाद के उदय, भारतीय राष्ट्र की आधुनिक
संकल्पना, लाला लाजपतराय, बिपिन चन्द्र पाल, और बाल गंगाधर तिलक, लार्ड कर्जन, बंगाल विभाजन, स्वदेशी आंदोलन, आल इंडिया मुस्लिम लीग का
गठन, कांग्रेस में टूट, जनराष्ट्रवाद का उदय, महात्मा गांधी का आगमन, चंपारण, खेड़ा और अहमदाबाद सत्याग्रह,रॉलट एक्ट के खिलाफ
सत्याग्रह, जलियांवाला नरसंहार, ख़िलाफ़त आंदोलन, असहयोग आंदोलन, जनता के महात्मा, कम्युनिस्ट पार्टी और RSS की स्थापना, चितरंजन दास, साइमन कमीशन के खिलाफ
आंदोलन, लाला लाजपत राय की हत्या, सरदार भगत सिंह और उनका
आंदोलन, दांडी मार्च, राष्ट्रीय आंदोलन में
महिलाओं की भूमिका, भारत छोड़ो आंदोलन, सुभाष चंद्र बोस और INA, स्वतंत्रता और विभाजन की
मांग जैसे विषय सम्मिलित किये गए हैं। पाठ 10 में स्वतंत्रता के बाद के
भारत और राष्ट्रीय सरकार की स्थापना, संविधान की रचना, संविधान सभा, डॉ अंबेडकर, राज्यों के गठन पर बहस, भाषा आधारित राज्यों की
मांग, श्रीरामुलु का आंदोलन, राज्यों का पुनर्गठन, बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट, बांध और स्टील प्लांट, विकास की योजनाएं, पंचवर्षीय योजनायें, स्वतंत्र विदेश नीति, गुटनिरपेक्ष आंदोलन और
राष्ट्र के 60 साल बाद मौजूद समस्याओं व चुनौतियों का वर्णन है।

कक्षा 9 की पाठ्यपुस्तक मुख्यतः विश्व इतिहास पर आधारित है, इसमें कुल 5 पाठ हैं जिन्हें 2 खंडों में विभाजित किया गया
है, खंड-1 "घटनाएँ और
प्रक्रियाएं" में 3 पाठ हैं पहले पाठ में
फ्रांसीसी क्रांति, क्रांति के कारण, फ्रांस का सामाजिक ढांचा, उभरता मध्यवर्ग, क्रांति की शुरुआत, क्रांति के प्रतीक, राजतंत्र का उन्मूलन और
गणतंत्र की स्थापना, जैकोबिन गणराज्य, आतंक का राज, नैपोलियन का उदय और दास
प्रथा के उन्मूलन के बारे में बताया है। दूसरे पाठ में यूरोप में समाजवाद एवं रूसी
क्रांति का वर्णन है, इसमें रूस के औद्योगिक समाज, समाजवाद के लिए समर्थन, रूसी साम्राज्य, अर्थव्यवस्था और समाज, रूसी समाजवाद और 1905 की क्रांति, पहला विश्वयुद्ध , फरबरी क्रांति और सोवियत का
गठन, अक्टूबर 1917 की क्रांति, गृहयुद्ध, समाजवादी समाज का निर्माण, स्टॅलिन का उदय और रूसी
क्रांति के विश्व पर पड़े प्रभावों के बारे में चर्चा की गई है। तीसरा पाठ जर्मनी
में हिटलर और नाजीवाद के उदय पर आधारित है, इसमें वाईमार गणराज्य, वर्साय की संधि, युद्ध के असर, आर्थिक अनिश्चितता और मंडी
के साल, हिटलर का उदय, नाज़ी प्रोपेगैंडा, लोकतंत्र का ध्वंस, पुनर्निर्माण, पोलैंड पर हमला, नाज़ियों का विश्व दृष्टिकोण, नस्लवादी राज्य की स्थापना, नाज़ी यूटोपिया, यहूदियों के प्रति हिंसा, जर्मनी में युवाओं की
स्थिति, शिक्षा में प्रोपेगैंडा, नाज़ी प्रचार तंत्र, मानवता के खिलाफ अपराध और
होलोकास्ट का वर्णन है।
खंड-2 "जीविका अर्थव्यवस्था और
समाज" में 2 पाठ हैं, पाठ 4 और 5,
पाठ 4 में उपनिवेशवाद के वन्य समाजों पर पड़ने वाले प्रभाव, वनों के विनाश, चाय बागान, व्यावसायिक वानिकी, नए नियम और घुमन्तु जातियां, वन विद्रोह, बस्तर के जंगल, जावा के जंगल और युद्ध के
जंगलों पर पड़े दुष्प्रभाव को बताया गया है। पाठ 5 आधुनिक विश्व में चरवाहे, घुमंतू चरवाहों और उनकी
आवाजाही, भारत के चरवाहे, औपनिवेशिक शासन में चरवाहों
का जीवन और अफ्रीका में चरवाहों के जीवन पर आधारित है।

इस पुस्तक में 5 पाठ और 3 खंड हैं खंड-1 "घटनाएं और
प्रक्रियाएं" इस खंड में दो पाठ हैं पहला पाठ यूरोप में राष्ट्रवाद के उदय पर
आधारित है इसमें फ्रांस में राष्ट्र के विचार, यूरोप में राष्ट्रवाद का
निर्माण, कुलीन व मध्यवर्ग, नया रुढ़िवाद, क्रांतिकारी नेता, मैटिसनि और बर्न, यंग यूरोप, क्रांतियों का युग 1830-1848,
भूख कठिनाइयां और जन
विद्रोह, उदारवादियों की क्रांति, जर्मनी और इटली के निर्माण, जुसेपे गैरीबाल्डी, ब्रिटेन की स्थिति, राष्ट्र की दृश्य कल्पना और
राष्ट्रवाद व साम्राज्यवाद जैसे विषयों पर चर्चा की गई है। दूसरा पाठ भारत में
राष्ट्रवाद के उदय पर आधारित है, इसमें पहले विश्व युद्ध के
बाद ख़िलाफ़त और असहयोग आंदोलन, सत्याग्रह का विचार, रौलट एक्ट, आंदोलन के भीतर की धाराएं, शहरों में आंदोलन, ग्रामीण इलाकों में विद्रोह, बागानों में स्वराज, सविनय अवज्ञा आंदोलन, नमक सत्याग्रह, गोलमेज सम्मेलन, बाल गंगाधर तिलक और भारत
माता की संकल्पना जैसे विषयों की चर्चा है।
खंड-2 "जीविका अर्थव्यवस्था एवं
समाज" में भी 2 पाठ हैं, पाठ 3 में भूमण्डलीकृत विश्व का विकास, व्यापार, वैश्विक अर्थव्यवस्था का
उदय, तकनीक की भूमिका, प्लेग महामारी, भारत के अनुबंधित मजदूर, विदेशों में भारतीय उद्यमी, युद्धकालीन बदलाव, युद्ध के बाद सुधार, उत्पादन और उपभोग, महामन्दी और भारतीय
अर्थव्यवस्था, विश्व अर्थव्यवस्था का पुनर्निर्माण और वैश्वीकरण जैसे विषय सम्मिलित
हैं। पाठ 4 में औद्योगिक क्रांति का वर्णन किया गया है, इसमें कारख़ानों का उदय, मज़दूरों की जिंदगी, भाप इंजन से चलने वाले
कारखाने, उपनिवेशों में औद्योगिकीकरण, भारतीय कपड़े का युग, बुनकरों की स्थिति, भारत में फैक्ट्रियां, प्रारंभिक उद्यमी, लघु उद्योग और वस्तुओं के
लिए बाज़ार आदि विषय हैं।
खंड-3 "रोज़ाना की जिंदगी, संस्कृति और राजनीति"
इस खंड में सिर्फ एक पाठ है, पाठ 5, इस पाठ में मुद्रण संस्कृति
और आधुनिक दुनिया, शुरुआती किताबें, जापान में मुद्रण, यूरोप से प्रिंटिंग का आना, गुटेनबर्ग की प्रिंटिंग
प्रेस, नया पाठक वर्ग, धार्मिक विवाद और प्रिंटिंग
का डर, मुद्रण और फ्रांसीसी क्रांति, मुद्रण युग से पहले की
पांडुलिपियाँ, भारत मे मुद्रण, धार्मिक सुधार, प्रकाशन के नए रूप, महिलाएं और मुद्रण तथा
प्रिंट पर लगाए गए प्रतिबंधों के बारे में चर्चा की गई है।

इस पाठ्यपुस्तक की संरचना पिछली पुस्तकों से भिन्न है, इस पाठ्यपुस्तक को 4 अनुभागों में बांटा गया है
जिनमें कुल 11 विषय (पाठ) हैं, हर अनुभाग में एक काल क्रम
और उससे सम्बन्धित कुछ विषय हैं। अनुभाग 1 - प्रारंभिक समाज इस अनुभाग में 6 लाख वर्ष पूर्व से 1 ईसा पूर्व तक का काल क्रम
बताया गया है, इसमें दो विषय हैं पहला विषय “समय की शुरुआत से” प्रारंभिक मानव इतिहास, मानव के क्रमिक विकास, निएंडरथल होमोनोइड्स, शुरूआती मानव प्रजातियों के
निवास, आधुनिक मानव और जीवाश्म, प्रतिस्थापन और क्षेत्रीय
निरन्तरता, भोजन के तरीके और औजारों का निर्माण, सम्प्रेष्ण और संचार के
माध्यम, भाषा और कला और गुफा चित्र आदि का वर्णन पहले विषय के रूप में है, दूसरे विषय में लेखन कला, लिपि का विकास, मेसोपोटामिया शहरी जीवन की
शुरुआत, प्राम्भिक शहर, लेखन कला का विकास, साक्षरता और लेखन का प्रयोग, शहरी संस्कृति और लेखन कला
से होने वाली प्रगति की चर्चा की गई है। अनुभाग 2- साम्राज्य में 100 ईसा पूर्व से लेकर 1300 ईसवीं तक के कालखंड की
चर्चा है, इसमें 3 विषय क्रमशः तीन महाद्वीपों में फैला हुआ साम्राज्य, इस्लाम का उदय और विस्तार, और यायावर साम्राज्यों की
चर्चा की गई है, इस अनुभाग में रोमन साम्राज्य के उदय विस्तार और पतन, इस्लाम के उदय और उसके एक
राजनैतिक शक्ति के तौर पर विस्तार, खलीफा, उम्म्यद, अब्बासी क्रांति, खिलाफतों का विघटन, और क्षेत्रीय सल्तनतें और
इस्लामी वास्तुकला, यायावर साम्राज्य, मंगोल साम्राज्य, चंगेज खान और मंगोल
साम्राज्य का विस्तार आदि विषय है। अनुभाग 3- बदलती परंपराएँ इस अनुभाग में 1300 ईसवीं से 1700 ईसवीं तक का कालक्रम
सम्मिलित है, इस अनुभाग में तीन वर्ग, सामंतवाद, फ़्रांस और इंग्लैंड, मेनर की जागीरें, नाईट, पादरी और भिक्षु, चर्च व समाज, काश्तकार, कृषि प्रौद्योगिकी, नगर और नगर वासी, चौदहवीं सदी का संकट, बदलती हुईं सांस्कृतिक
परंपराएँ, विश्ववविद्यालय और मानवतावाद, इतिहास का मानवतावादी
दृष्टिकोण, विज्ञान व दर्शन, कलाकार और यथार्थवाद, वास्तुकला, मनुष्य की नई संकल्पना, ईसाई धर्म के वाद विवाद, कोपरनिकस की क्रांति, यूरोप में पुनर्जागरण, जैसे विषयों के साथ
संस्कृतियों के टकराव, शुरूआती खोजकर्ता, एजटेक और इंका साम्राज्य, माया लोग, यूरोपियों की खोज यात्रायें, अटलांटिक पारगमन, अमेरिका में स्पेनिश
साम्राज्यवाद, उपनिवेशवाद और अफ्रीका से दास व्यापार आदि विश्व इतिहास के
महत्वपूर्ण विषय भी सम्मिलित हैं। अनुभाग 4 -
आधुनिकीकरण की ओर इस अनुभाग में 1700 से 2000 ईसवीं के मध्य का कालक्रम
वर्णित है इसमें औद्योगिक क्रांति, मूल निवासियों का विस्थापन
और आधुनिकीकरण के रास्ते, स्टील उद्योग, मशीनी कताई और बुनाई, भाप की शक्ति, नहरें और रेल प्रणाली, मज़दूरों का जीवन, औरतों और बच्चों पर
उद्योगों का प्रभाव, विरोध आन्दोलन, यूरोपीय साम्राज्यवाद, मूल निवासी, यूरोपियनों से मुकाबला, पारस्परिक धारणाएं, अमरीका में मूल निवासियों
का पलायन, गोल्ड रश और उद्योगों में वृद्धि जैसे विषयों के साथ ही, चीन व जापान में अर्थवस्था
का औद्योगीकरण, आक्रामक राष्ट्रवाद, पश्चिमीकरण और परम्पराओं
में टकराव, अफीम युद्ध और विश्व युद्ध के प्रभाव, चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का
उदय, नये जनवाद की स्थापना, ताइवान का किस्सा, कोरिया युद्ध और आधुनिकीकरण
जैसे कई महत्वपूर्ण विषय भी हैं।

कक्षा 12 की पाठ्यपुस्तक ‘विश्व इतिहास के कुछ विषय II और III’
(Themes in World history II and III) (3 BOOKS)
कक्षा 12 में इतिहास की 3 पुस्तकें हैं जिनमें कुल 15 पाठ/ विषय हैं इसमें भारतीय
और वैश्विक इतिहास के कई पहलुओं का विस्तार से वर्णन किया गया है,
पुस्तक-1 का पहला पाठ ईंटें , मनके तथा अस्थियाँ (
हड़प्पा सभ्यता ) संस्कृति शब्द का अर्थ, हड़प्पा सभ्यता का नामकरण,हड़प्पा संस्कृति काल,हड़प्पा संस्कृति के भाग /
चरण,हड़प्पा सभ्यता की जानकारी के प्रमुख स्रोत,प्रमुख स्थल, जल निकास प्रणाली, हड़प्पा सभ्यता में भवन
निर्माण,विशाल स्नानागार,पशु - पालन, कृषि व व्यापार, शिव या परम - पुरुष की
उपासना, मुद्रा कला, हड़प्पाई लिपि और हड़प्पा
सभ्यता के पतन के कारणों पर आधारित है। दूसरा पाठ- (राजा , किसान और नगर) 16 महाजनपद, वैदिक सभ्यता, चारो वेदों की रचना, मौर्य साम्राज्य की स्थापना, चन्द्रगुप्त मौर्य, ब्राह्मी और खरोष्ठी लिपि,सिक्कों का प्रयोग, सोलह महाजनपद,गण और संघ, मगध महाजनपद, अर्थशास्त्र, चाणक्य, मौर्य साम्राज्य में
प्रशासन, मेगास्थनीज़, अशोक का धम्म, दक्षिण के राजा और सरदार,दैविक राजा,ग्रामीण समाज में विभिन्नता, सिक्के और राजा जैसे विषयों
पर प्रकाश डालता है। पाठ 3 (बंधुत्व ,जाति तथा वर्ग ) में
महाभारत, महाभारत की विशिष्टता, बंधुता एवं विवाह, परिवार, पितृवंशिक व्यवस्था के
आदर्श, विवाह के नियम, स्त्री का गोत्र, गोत्र के नियम, बहुपत्नी और बहुपति प्रथा, सामाजिक विषमताँए, वर्ण व्यवस्था,क्या हमेशा क्षत्रिय राजा
हो सकते हैं ?, चार वर्गो के परे : अधीनता ओर सँघर्ष,संसाधन प्रतिष्ठा, सम्पत्ति पर स्त्री , पुरूष के भिन्न अधिकार, मनु स्मृति, साहित्यक स्रोतों का
इस्तेमाल एवं सदृशता की खोज में बी . बी . लाल के प्रयास जैसे विषय हैं। पाठ 4 (विचारक , विश्वास और इमारतें) इस पाठ
में साँची का स्तूप, ई . पू प्रथम सहस्त्राब्दी, यज्ञ और विवाद, वाद - विवाद और चर्चाएँ, स्तूप की संरचना, स्तूप की खोज, अमरावती का स्तूप, जैन धर्म, महावीर जैन, जैन धर्म की शाखाएं, जैन धर्म की शिक्षाएं, बौद्ध धर्म, महात्मा बुद्ध, बुद्ध की शिक्षाऐं, त्रिपिटक,महायान, हीनयान, पौराणिक हिन्दू धर्म का उदय, वैष्णव और शैव परंपरा और
मंदिरों के निर्माण आदि विषय सम्मिलित हैं।
पुस्तक-
2 की शुरुआत पाठ 5 (यात्रियों के नजरिए) से
होती है, इस पाठ में अल - बिरूनी, इब्न बतूता, फ्रांस्वा बर्नियर, अब्दुर्र रज्जाक, अल - बिरूनी की यात्रा,किताब - उल - हिन्द, अल - बिरूनी के लेखन कार्य
की विशेषताएँ, जाति व्यवस्था का विवरण, इब्न बतूता का जीवन, इब्न बतूता की यात्राएँ, इब्न बतूता की यात्रा
वृतांत की विशेषताएँ, इब्न बतूता द्वारा शहरों का वर्णन,इब्न बतूता द्वारा संचार
प्रणाली का वर्णन, फ्रांस्वा बर्नियर, बर्नियर के लेखनी की
विशेषताएँ, बर्नियर द्वारा पूर्व और पश्चिम की तुलना,वर्नियर द्वारा भारत का
चित्रण, भारतीय समाज का वर्णन, मुग़ल साम्राज्य का वर्णन, बर्नियर द्वारा नगरों का
वर्णन, दास और दासियाँ, और सती प्रथा का वर्णन है।
पाठ 6 (भक्ति - सूफी परंपराएँ ) इस पाठ में भक्ति आंदोलन, सूफी तथा सूफीवाद, ज़ियारत, भक्ति, विभिन्न धार्मिक विश्वास और
प्रथाएं, प्रारंभिक भक्ति परंपरा, उत्तरी भारत में धार्मिक
उफान, शासको और शासितों के धार्मिक विश्वास, लोक प्रचलन में इस्लाम, उत्तरी भारत में नए भक्ति
मार्ग, कबीर, गुरु नानक के संदेश,गुरु ग्रंथ साहिब, मीराबाई और संत शंकरदेव का
वर्णन मिलता है। पाठ 7 (एक साम्राज्य की राजधानी विजयनगर) इस पाठ में कर्नाटक सम्राज्य, गजपति, अश्वपति, नरपति, विजयनगर साम्राज्य, हम्पी, हरिहर और बुक्का, कृष्णदेव राय, संगम राजवंश, सलुव राजवंश, तुलुव वंश, अरविदु वंश, विजयनगर का उदय, विजयनगर के राजवंश और शासक, भौगोलिक संरचना और
वास्तुकला, हम्पी की खोज, हम्पी का शाही केंद्र और
हम्पी के मंदिर आदि विषय हैं। पाठ 8 (किसान , जमींदार और राज्य कृषि समाज
और मुगल साम्राज्य) इस पाठ में किसान और कृषि उत्पादन, किसान और उनकी जमीन, सिंचाई की तकनीक, ग्रामीण समाज, ग्रामीण दस्तकार, कृषि समाज और महिलाएं, जंगल और कबीले, भू राजस्व प्रणाली, चाँदी का बहाव और अबुल फज़ल
द्वारा लिखे गये आइन ए अकबरी की भी चर्चा की गई है। पाठ 9 (शासक और विभिन्न इतिवृतः
मुगल दरबार) इस पाठ में मुगल शासक और उनका दरबार, इतिवृत और उनकी रचना, पांडुलिपियों की रचना, रंगीन चित्र, अकबरनामा और बादशाहनामा, आदर्श राज्य, सुलह-ए-कुल, राजधानियां और दरबार, शाही परिवार और नौकरशाही, सूचना और साम्राज्य, प्रांतीय प्रशासन, धर्म पर प्रश्न उठाना और
सर्वधर्म चर्चाओं का वर्णन है।
पुस्तक
3- इस पुस्तक की शुरुआत पाठ 10 से हुई है, पाठ 10 (उपनिवेशवाद और देहात -
सरकारी अभिलेखों का अध्ययन) इस पाठ में बंगाल और वहां के जमींदार, राजस्व वसूली और समस्याएं, जोतदारों का उदय, जमींदारों की ओर से
प्रतिरोध, राजमहल की पहाड़ियाँ, संथाल, बुकानन का विवरण,देहात में विद्रोह, नई राजस्व प्रणाली, कपास का उत्पादन और दक्कन
दंगा आयोग का वर्णन है। पाठ 11 (विद्रोही और राज - 1857 का आंदोलन और उसके
व्याख्यान) में विद्रोह की शुरुआत, संचार के माध्यम, विद्रोह के नेता, रानी लक्ष्मीबाई, नाना सहिब, अवध में विद्रोह, लार्ड डलहौजी, विद्रोहियों की मांगें, एकता की कल्पना, उत्पीडन के लिए संघर्ष, वैकल्पिक सत्ता की तलाश और
अंग्रेजों द्वारा विद्रोह के हिंसक दमन की चर्चा की गई है। पाठ 12 (औपनिवेशिक शहर- नगरीकरण ,नगर ,योजना, स्थापत्य ) इस पाठ में
पूर्व उपनिवेशिक काल और शहर, अठारहवीं शताब्दी में हुए
परिवर्तन, औपनिवेशिक शहरों की पड़ताल, भारत में शहरीकरण की शुरुआत,
tertiary सेक्टर का उदय, शहरी परिवेश, सबअर्ब और हिल स्टेशन, शहरों का सामाजिक जीवन, शहरों की बनावट और प्लानिंग, अंग्रेजों द्वारा बसाये गये
शहर और इमारतों की स्थापत्य शैली की चर्चा की गई है। पाठ 13 (महात्मा गाँधी और राष्ट्रीय
आंदोलन सविनय अवज्ञा और उससे आगे) इस पाठ में दक्षिण अफ्रीका में महात्मा गाँधी का
संघर्ष, गांधीजी का भारत आगमन, असहयोग आन्दोलन की शुरुआत
और अंत, एक लोकप्रिय आन्दोलन की तैयारी, जननेताओं का उभार, चरखा, नमक सत्याग्रह, दांडी माचॅ, अंबेडकर और गाँधी में मतभेद, भारत छोड़ो आन्दोलन, ब्रिटिश सरकार और अख़बारों
की नजर से गाँधी और स्वतंत्रता आन्दोलन की चर्चा की गई है। पाठ 14 में (विभाजन को समझना -
राजनीति , स्मृति और अनुभव ) बंटवारे की पृष्ठभूमि, विभाजन के अनुभव, बंटवारा या होलोकास्ट?,
stereotype की ताकत, साम्प्रदायिकता का उभार, प्रांतीय चुनाव, मुस्लिम लीग का उभार, हिन्दू महासभा, यूनियनिस्ट पार्टी, पाकिस्तान का प्रस्ताव
समर्थन और विरोध, विभाजन में मुस्लिम लीग की भूमिका, द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद
के बदले राजनैतिक समीकरण, कैबिनेट मिशन, जिन्ना का डायरेक्ट एक्शन
डे- देशव्यापी हिंसा, कानून व्यवस्था की स्थिति, महात्मा गाँधी के अकेले
प्रयास, औरतों के साथ अत्याचार और बंटवारे के संस्मरणों का
वर्णन है। अब हम इस पूरी इतिहास यात्रा के अंतिम पाठ यानि कक्षा 12 के पाठ 15 (संविधान का निर्माण-एक नए
युग की शुरूआत ) तक आ चुके हैं, इस पाठ में बंटवारे के बाद
का भारत, संविधान सभा का गठन, मुख्य सदस्य, संविधान की दृष्टि, जनता की आकांक्षाएं, संविधान सभा की बहसें और
मतभेद, संघीय ढांचा, अधिकारों पर निर्णय, अल्पसंख्यक शब्द की
व्याख्या, दलित और पिछड़ा वर्ग, राज्य की शक्तिया, राष्ट्र की भाषा, धर्मनिरपेक्षता, और समानता जैसे विषयों पर
चर्चा हुई है।
इस पूरे विश्लेषण को देखने बाद कोई भी साधारण बौद्धिक स्तर का
व्यक्ति ये समझ सकता है कि भारत में इतिहास का पाठ्यक्रम किसी भी रूप में भारतीय
इतिहास और विशेषकर हिन्दू इतिहास को कम करके नहीं दिखा रहा है। हमें ये भी समझना
होगा कि “सही इतिहास” किसी एक वर्ग विशेष या किसी
विचारधारा का अनुगमन करने वाला इतिहास नहीं हो सकता, जो आपके मत में “सही” है क्या पता वो अधूरा हो? हो सकता है आपको दूसरे पक्ष
से अवगत न होने दिया गया हो या आपको दूसरा पक्ष स्वीकार्य ही न हो? ये सवाल लेकिन अभी भी उठता
है कि भारतीय दक्षिणपंथियों द्वारा हमेशा से ये “गलत इतिहास” वाली बात जनमानस में क्यों
फैलाई जा रही है? क्या इन्होने कभी इतिहास की किताबें खोल कर नहीं देखी हैं? या ये धारणा फ़ैलाने के पीछे
कोई और कारण है? जो सबसे सीधा कारण मुझे समझ आता है वो है कि दक्षिणपंथी लोग जनता
के बीच इतिहास के प्रति एक अविश्वास निर्मित करना चाहते हैं, आपको याद होगा इस लेख की
शुरुआत में मैंने प्रोपगंडा के तीन चरण बताये थे, इतिहास पर अविश्वास पैदा
करना प्रोपगंडा फ़ैलाने का दूसरा चरण है और हाल ही के दिनों में इसमें तेज़ी देखी गई
है। क्या ये तीसरे और अंतिम चरण की आहट है? क्या इतिहास में इन तथाकथित
“गलतियों” के सुधार के नाम पर बड़े स्तर पर इतिहास को सत्ता के अनुकूल बदलने के
प्रयास होने वाले हैं? इन सवालों के जवाब तो भविष्य के गर्भ में हैं पर इतना तो तय है कि
भारत ने अपने छात्रों को एक संतुलित और समावेशी इतिहास पाठ्यक्रम दिया है, जिसके जरिये छात्रों में
भारतीय और वैश्विक इतिहास के कई विषयों पर एक व्यापक समझ
पैदा होगी।
अंततः, संभव है कि इस लेख में संकलन या लेखन के स्तर पर कुछ त्रुटियाँ रह गई
हों आपसे निवेदन है कि उन त्रुटियों से मुझे अवगत कराएँ।
-सिद्धार्थ सिंह तोमर




अत्यन्त शोधयुक्त विवेचना व लेखन सिद्धार्थ जी। अनेकानेक साधुवाद आपको
ReplyDeletevery nice article, i will copy it and give credit to you
ReplyDelete