निशा नभ पर (कविता)

अतुकांत कविता आपको एक आजादी देती है अपनी सम्प्रेषणीयता को आगे बढ़ाने की। नई लिखी एक कविता साझा कर रहा हूँ।




निशा नभ पर श्यामवर्णी मेघ आकर छा रहे हैं,
धरा विस्मित देखती है अब गगन को,
देखती है चन्द्रमा की चांदनी को मंद होते,
सुन रही है रात के व्यापक जरूरी मौन को,
कोटरों और घोंसलों के बीच से बस,
करवटों की आहटें ही आ रही हैं,

जंगली नदियों का पानी भी कहीं ठहरा हुआ है।
देखता है राह मानो वह सुबह की रश्मियों की,
रात के अंतिम पहर के आखिरी क्षण में,
बादलों के बंधनों को तोड़ कर एक बून्द अब,
आ गिरी आखिर धरा की गोद में,

होगी शायद ओस की एक बूंद ये,
जो कभी धरती से उठकर चल पड़ी थी मेघ बनने,
या किसी के अश्रुओं का भाग होगी,
जो निरर्थक ही बहे होंगे किसी के सामने,
या किसी श्रम बिंदु का वो अंश होगी,
जो सदा से व्याप्त जड़ता से लड़ा था।
होगी उन शोणित कणों का द्रव्य जो,
क्रांतिपथ पर कुछ युवाओं का बहा था।

आज फिर से वो धरा पर आ रही है,
जैसे बेटी माँ के घर को आ रही हो।
सूर्य ने भी रश्मियों के बंधनों को खोलकर अब,
मौन को तोड़ा सृजन की गूंज से।
और भी बूंदे कई प्यासी धरा को,
एक युग के ताप से मुक्ति दिलाने,
छोड़ कर हर श्यामवर्णी मेघ को,
अपने उद्गम की तरफ आने लगी हैं।

-सिद्धार्थ सिंह तोमर।

Comments