अपने शहर के लिए (कविता)

मेरी रचना श्रृंखला में ये कविता कुछ शुरूआती कविताओं में से एक है, पर इस कविता से मुझे एक अजीब सी आसक्ति है, मुझे व्यक्तिगत रूप से नहीं लगता कि इससे अच्छा कुछ मैंने कभी लिखा है, ये शायद मेरे अपने शहर के प्रति नैसर्गिक लगाव के कारण हो,
.......................................................................................................




गोपाचल के अजित दुर्ग की
पुण्य प्रकशित प्राचीरों पर
आज दामिनी दमक रही है,
घिर घिर कर लहराते बादल...
युद्ध घोष सा गर्जन करते,
शत्रु की सेना सम आते..
रह रह कर और छिन्न भिन्न हो..
महलों के मंडित शिखरों के
आलिंगन को व्याकुल होते..
और बदल कर वर्षा में फिर..
धूल भरे प्रस्तर खंडों को.
इस जल की धारा से धोते,
नीले पत्थर से जो शोभित..
मान महल की दीवारों को,
देख सहज ही इंद्र लोक का
मान भूलकर इंद्रदेव भी,
मेघदूत के यक्षराज सम विकल हुए है.
वरुण देवता को बादल संग..
भेज दिया लेकर संदेशा..
धरती के इस इंद्रलोक को.
फिर से गौरव युक्त बनाने,
पवन बावरी बहक रही है..
गोपाचल के अजित दुर्ग की
पुण्य प्रकशित प्राचीरों पर
आज दामिनी दमक रही है,



प्रखर सूर्य की किरणों से जब
विकल प्राण थे जन जन के तब..
भरी दोपहरी में फैला था..
मध्यरात्रि सम सन्नाटा..
धूल धूसरित कच्ची सड़कें..
वीराने पथ की खामोशी..
सूखे पत्ते उड़ते थे जो,
बदल गया सहसा ये सब भी,
धीरे धीरे दक्षिण दिश से..
बादल की सेनाएं आईं..
घेर लिया फिर आज दुर्ग को..
 इंद्रधनुष को चाप बनाकर,
बाणों सम बूंदें बरसाईं..
धूल बनी जो शिखर चूमती,
मिट्टी भी अब शांत हो गई..
हुआ मनोरम सबकुछ मानो..
शाल भंजिका की मूरत सम,
विजित हुए अब वरुण देव को,
विजय तिलक करने के हेतु..
आज पुनः पर्वत की माटी,
चन्दन के सम महक रही है।
गोपाचल के अजित दुर्ग की
पुण्य प्रकशित प्राचीरों पर,
आज दामिनी दमक रही है,


कई दिनों से सूखे थे वो,
महलों के जो ताल तलैया,
उन कुंडों के भीतर ही अब..
कमल पुष्प की कोमल कलियां,
भंवरों को भी मोहित करतीं
कोयल की जो एक कूक भी..
एक कानन की गहराई से..
निकल हमारे अंतर्मन के..
तारों को भी कंपित करतीं
आज देख कर हरित धरा को..
मखमल के सुंदर कम्बल सा,
इस पूरे पर्वत को ओढ़े,
नील वर्ण की एक मोरनी,
मधुर मनोरम गीत सुना कर..
प्रियतम को करने आकर्षित
जाने कब से चहक रही है,
गोपाचल के अजित दुर्ग की
पुण्य प्रकशित प्राचीरों पर
आज दामिनी दमक रही है,



महलों की उत्कीर्ण शिलाएं..
सदियों से निर्बाध निरन्तर..
काल गति की धारा को यूं
अपने भीतर संजो संजो कर,
आने वाले युग के हेतु..
गौरव की एक दीपशिखा सी..
घोर भयंकर तम में भी तो..
रही सदा से दीप्तिमान हैं..
ध्रुव तारे सम दिशा दिखाने,
खुद सारे आघात सहे पर..
अचल अडिग वर्षो से रहकर.. 
सत्य सनातन परिपाटी की..
सृष्टि और व्यष्टि की ज्वाला..
एक अखंड इतिहास समेटे,
सतत निरन्तर दहक रही है..
गोपाचल के अजित दुर्ग की
पुण्य प्रकशित प्राचीरों पर
आज दामिनी दमक रही है,



-सिद्धार्थ सिंह तोमर











Comments