क्यों लिखें, क्या लिखें और कब लिखें?
क्यों लिखें, क्या लिखें और कब लिखें?
इस
समय एक वाक्य मुझे अक्सर सुनने को मिलता है कि “यार हर कोई लेखक बन गया है आजकल!!”
एक हद तक ये बात सही भी है कि धीरे धीरे लेखन के प्रति लोगों की रूचि बढने लगी है
पर सच ये भी है कि इस के साथ साथ लेखन का
अवमूल्यन भी हुआ है, मैं मानता हूँ कि हर इंसान में कहीं न कहीं काव्यात्मकता छुपी
हुई होती है, और हर कोई उसे अपने तरीके से पेश करने के लिए स्वतंत्र है, पर आज इस
इन्टरनेट के युग में जब कवितायेँ सिर्फ लाइक और लोकप्रियता बटोरने का उपक्रम बन गई
हों तो “मार्केट” में बने रहने के लिए कविताओं के नाम पर आपको सिर्फ पुराने
ख्यालों और शब्दों की री-पैकेजिंग मिलेगी, जो मौलिकता से शून्य रहेंगी,
उभरते
लेखकों को इस बात की पूरी छूट मिलनी चाहिये कि वो अपनी “गलतियों से सीखें” लेकिन
इसके साथ साथ ही उन्हें उनकी गलतियों को तार्किक रूप से समझाना भी होगा, क्योंकि
लेखन एक युगधर्म है जिसका पालन शिक्षित वर्ग को करते रहना चाहिए, साहित्य की
समृद्धि सामाजिक समृद्धि का सूचकांक है. इस लेख में तीन प्रश्नों पर बात करेंगे जो
हर उभरते लेखक के सामने कहीं न कहीं आते हैं,
क्यों लिखें?
क्योंकि लेखन आपको अपनी बात एक बड़े वर्ग तक
प्रेषित करने में सहायक है, लेकिन लेखन की प्रेरणा कहाँ से आती है? ज्यादातर हम
किसी को देखकर या प्रभावित हो कर लिखना शुरू कर देते हैं, लेखन में सबसे जरूरी है
प्रेरणा का स्वतः स्फूर्त होना, मेरे अनुसार लेखन की पहली प्रेरणा यदि भीतर से आये
तो वो ज्यादा सार्थक होगी, कई घटनाएँ या व्यक्ति जो आप पर एक प्रभाव डालते हैं वो
आपकी प्रेरणा का स्रोत हो सकते हैं और आपके लेखन की “शुरुआत” में सहायक हो सकते
हैं, किन्तु इसके “आगे बढ़ाने” की प्रेरणा आपको स्वयं से मिलती रहनी चाहिए.
क्या
लिखें?
ये एक जटिल प्रश्न है
जिसका जवाब एक सन्दर्भ में नहीं दिया जा सकता , एक पक्ष है कि जनमानस या पाठक वर्ग
यदि साहित्यिक दृष्टि से कमतर या कमजोर लेखन को पसंद कर रहा है तो इसमें हर्ज क्या
है, जब उसे नई और मौलिक रचनाओं से ज्यादा पुराने शब्दों और भावों के घालमेल से बनी
हुई तथाकथित श्रृंगार की रचनाएँ पसंद आती हैं, या खून खराबे को उकसाने वाली चीख
पुकार मचाने वाली बे सर पैर की तथाकथित वीर रस की कविताएँ पसंद आती हैं, तो कविता
या लेखन के अवमूल्यन के लिए पाठक स्वयं जिम्मेदार हैं, वहीँ एक पक्ष रचनाकारों को
भी गलत मानता है कि वो नए, प्रगतिशील और मौलिक काव्य को संभ्रांत गोष्ठियों से निकाल
कर जनमानस तक लाने में असफल रहे हैं, इस दशा में "मास’’ और "क्लास’’ का पुराना
संघर्ष दिखता है, तो मैं नये लेखकों से
अनुरोध करूँगा कि कुछ नया लिखने से पहले एक बार अपने लेखन के लक्ष्य को सोच लें कि
आप जो लिख रहें हैं उसकी प्रेरणा क्या है और क्यों आपने लेखन शुरू किया था. इसके
साथ ही अपने वैचारिक पटल पर स्पष्टता लाने की भी जरूरत है, क्योंकि मेरे अनुसार बिना
किसी सार्थक वैचारिक सन्देश के लिखी गई कविता अनाथ होती है.
कब लिखें?
लिखने की जरूरत हमेशा बदलती रहती है, कभी आप प्रेम लिखते हैं और कभी संघर्ष लिखते
हैं लेकिन आपको अपना एक साहित्यिक संदर्भ सदा स्पष्ट रखना चाहिए और उस पर निरंतर
काम करते रहना चाहिये, कुछ महान कवि जैसे “उर्वशी” जैसा श्रृंगार और “रश्मिरथी”
जैसा संघर्ष का महाकाव्य लिखने वाले
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह “दिनकर” या “तू किसी रेल सी गुजरती है” और
उसी के साथ “हो गई है पीर पर्वत सी पिघलनी चाहिये” लिखने वाले दुष्यंत
कुमार इसके अपवाद हो सकते हैं लेकिन शुरूआती दौर में नये लेखकों को अपनी रचनाओ
को एक स्पष्ट संदर्भ देने की जरूरत है, आपका संदर्भ बदल भी सकता है लेकिन ये समय और
नई प्रेरणाओं के कारण होना चाहिये न कि सोशल मीडिया के लाइक्स या स्वीकार्यता
के दवाब में. ये बात हमेशा से कही जाती है कि जब आप कई किताबें पढ़ लेते
हैं तब आप एक अच्छी कविता लिख पाने में सक्षम हो पाते हैं, पुराने कवियों को पढ़िए,
पुराने लेखकों को जानिए उनकी रचना कौशल और उनके व्यक्तिगत संघर्ष को भी जानिए, “बिना
पढ़े आप लिख नहीं सकते” अतः अपेक्षकृत पढ़ें ज्यादा और लिखें थोडा कम. आपको ये बात
अजीब जरुर लगेगी पर ये सच है कि मैं आपको थोडा कम लिखने की सलाह दे रहा हूँ, मैं
जानता हूँ लेखकों के लिए इस सलाह को मानना थोडा कठिन है, दिल की सुनें पर उसको
अपने अर्जित ज्ञान से एक व्यापक संदर्भ भी जरुर दें,
बिना
ज्यादा लिखे व्यंजना में अपने भाव कह देना कविता है, सपाट और भावशून्य लेखन ज्यादा
लोगों को आसानी से “समझ” तो आ सकता है, किन्तु लम्बे समय तक “प्रभावित” नहीं कर
सकता ध्यान रहे आप कविता लिख रहे हैं उसकी सम्प्रेषणीयता तो अधिक होनी चाहिए पर
वो एक “सूचना या अखबार की खबर जैसी नहीं लगनी चाहिये”
अंत
में...मैं ये भी जानता हूँ कि लेखन व्यक्तिगत चयन और प्रेरणाओं का विषय है, तो मैं
किसी के लेखन का मूल्यांकन करने में सक्षम नहीं हूँ!
- सिद्धार्थ सिंह तोमर


👏👏👏
ReplyDeleteBeautiful and interesting article in Hindi
Keep writing such more👍
Thanks😊
DeleteBhadiya 👌👍
ReplyDeleteThanks bhai 😊
ReplyDelete