क्रांति छंद (कविता)



अँधियारो के बाद रश्मि का नन्हा अंकुर फूटा है,
क्रांति गीत की भैरव ध्वनि से ये सन्नाटा टूटा है।
पुनः सूर्य एक उदित हुआ सतपथ हमें चलाने को,
हर उर में झंकार उठी गौरव का दर्श दिखाने को।
सदियों से जो सुप्त पड़ी थी चिंगारी वो धधक उठी,
एक युग से वीरान पड़ी थी फुलवारी वो महक उठी।
मचल उठी है भारत की तरुणाई की आकुल लहरें,
किसमें इतना साहस है कि वो इनके पथ में ठहरे।
कर बाधाओं को पार बढ़ा वो एक युवक मतवाला था,
वो झुकी हुई आंखों में अब संघर्ष जगाने वाला था।
वो खेल खेल में भी खेतों में बस बन्दूकें बोता था,
भार क्रांति के स्वप्नों का उसके कंधे पर होता था।
वो अंकुर होकर वटवृक्षों के वन में नायक बना रहा,
कोटि हृदय की पीड़ा का अंतिम परिचायक बना रहा।
वो स्वतंत्रता की समिधा में यौवन की चिंगारी है।
पूरा भारत उस महान बलिदानी का आभारी है।
एक सिंह जैसे सियार के सौ झुंडों से लड़ जाए।
जैसे नौका एक कोई तूफान चीर कर बढ़ जाए।
उसी तरह वो अंग्रेजी सत्ता से लड़ता जाता था।
आज़ादी का घन बनकर निष्कम्प उमड़ता जाता था।
राष्ट्र धर्म के अर्चन में वो अपना सब कुछ भूल गया।
अन्याय से लड़ते लड़ते हंसकर फांसी पर झूल गया।
एक यौवन ने मान रखा है वीरों की परिपाटी का।
भगत सिंह ने कर्ज चुकाया है भारत की माटी का।
लेकिन सारे बलिदानों का तब कैसे सम्मान रहे,
भगत सिंह के भारत में जब तक भूखा इंसान रहे?
जब तक मानव के द्वारा मानव का शोषण जारी हो,
जब काले अंग्रेज अभी तक सत्ता के अधिकारी हो।
तब कहता हूं मैं तुमसे ऐ वीर भगत सिंह आ जाओ,
आजादी की नई रोशनी बन भारत पर छा जाओ।
-सिद्धार्थ सिंह तोमर
      

Comments