नववर्ष का स्वागत (कविता)

नए साल में एक नए तौर की कविता के साथ नए साल का स्वागत करते हैं। उम्मीद करता हूँ आपको पसंद आएगी। नववर्ष 2018 की आकाश भर शुभकामनाएं।

........................

नए साल में हम फिर से एक नई सुबह की आस लिखें...
और पुरानी यादें ख्वाबों के पहलू के पास लिखें।
नए गीत और नए काव्य को लिखने के प्रण साथ लिए,
जाग रहे हैं हम अबतक बस आंखों में वो रात लिए।
पुनः हमारा प्रणय निमंत्रण क्रांति गीत में बदल गया,
शाम नशीली लिखते लिखते सच का सूरज निकल गया..
विरह के आंसू लिखते ही कुछ राह से ऐसे बहक गए,
फिर ठंडे चूल्हे के अंगारे साँसे पाकर में दहक गए।
प्यार मोहब्बत सब लिखते हैं आओ हम इतिहास लिखें।
नए साल में हम फिर से एक नई सुबह की आस लिखें...

लिखें अगर लिखना ही है तो सत्ता की नाकामी को,
काव्य धर्म की सुप्त चेतना, चारण की सहगामी को।
मौलिकता से शून्य रहे पर सब के मन को भाते हैं..
नए नवेले जननायक अब जलसों में इठलाते हैं।
पता नहीं है क्या मजबूरी रोक क्यों नही पाता हूँ...
क्यों प्रेम गीत के अनुरोधों पर हल्की तुकें सुनाता हूँ।
मेरे रस में सब कुछ होगा पर शायद श्रृंगार नहीं..
प्रेम सृष्टि का साधन होगा पर समस्त आधार नहीं।
आत्म चेतना और बुद्धि पर नवयुग का विश्वास लिखें..
नए साल में हम फिर से एक नई सुबह की आस लिखें...

मैं नहीं दे रहा तुम्हें निमंत्रण पीड़ा के गीत सुनाने का..
पर शाश्वत अनुरोध रहेगा मानवता दिखलाने का।
प्रेम आपका अमर रहे इसका स्वागत तो करता हूँ..
किंतु विमर्श के खो जाने के कारण से बस डरता हूँ।
प्रेम प्रेरणा देता था अब उपक्रम अब प्रदर्शन का...
चंद दिनों के मनोरंजन का, बन्धन युक्त समर्पण का।
आभासों को त्याग तथ्य के साथ चलो युगधर्म रचो,
पूर्व लिखित हर प्रतिवेदन को छोड़ सृजन का मर्म रचो।
नए पृष्ठ पर नए सिरे से शब्दों के विन्यास लिखें,
नए साल में हम फिर से एक नई सुबह की आस लिखें...

चलो मौन को तोड़ें अब हम नए स्वरों की आहट से,
पिघला दें हिमखंड अहम के, रिश्तों की गर्माहट से।
नहीं अपेक्षित हो प्रतिउत्तर भाव युक्त संबंधों से,
और मुक्त हो अंतर मन अब स्वार्थपूर्ण अनुबंधों से।
सम्पूर्ण वृहद से मिलने को अब मानस में उत्कर्ष रखें,
सत्य, न्याय के रक्षण को ही हम अंतिम आदर्श रखें।
खुद को पाने की कोशिश में हम भले यहाँ पर खो जाएं,
लेकिन कुछ जावक हम अपने इन शब्दों के बो जाएं।
धरती की इस नई कहानी पर मोहित आकाश लिखें,
नए साल में हम फिर से एक नई सुबह की आस लिखें...

-सिद्धार्थ सिंह तोमर

Comments