जाति प्रथा और हिन्दू धर्म।


ये बात किसी से छिपी नहीं है कि हिन्दू समाज में कई कुरीतियां रहीं, कुरीतियां हर समाज में होती हैं पर हमें किसी बात का विश्लेषण करते हुए वर्तमान परिवेश को भी देखना चाहिए, बीते 200 वर्षो में हिन्दू समाज ने अपने भीतर से कई कुरीतियों को निकाल दिया है। पर कुछ कुरीतियां जैसे जाति प्रथा अभी भी समाज में मौजूद है। तथाकथित प्रगतिशील बुद्धिजीवी लोग इस बात के कारण हिंदू समाज की तीखी आलोचना करते हैं, आलोचना होनी भी चाहिए। पर हमें ये नहीं भूलना चाहिए कि जाति व्यवस्था के मूल में भेदभाव है, शक्ति को केंद्रित करने का मानवीय स्वभाव है, कोई भी व्यक्ति अपने हाथ मे आई ताकत को छोड़ना नहीं चाहता।

ऐतिहासिक कारणों और सिर्फ एक वर्ग में ही ज्ञान और धर्म के प्रसार के कारण हिन्दू समाज मे जाति प्रथा अभी भी है। चाहे वो मुगल हों या अंग्रेज सबने जातीय बंटवारे को अपने साम्राज्य के विस्तार के एक साधन के रूप में देखा। सिर्फ एक वर्ग को उपकृत कर वे निचले तबके के ज्यादातर लोगों का शोषण कर सकते थे जो कि अमूमन सवर्णों के आधीन थे। तत्कालीन विदेशी और देशी शासक इनका प्रयोग मजदूर और सैनिको के रूप में करते थे। वे नहीं चाहते थे कि जाति व्यवस्था समाप्त हो।

मेरे अनुसार जाति व्यवस्था के अभी तक चले आने का मूल कारण आर्थिक असंतुलन और सदियों से चली आ रही शोषक सामंतवादी व्यवस्था है। इसके लिए धर्म को दोष देना पूरी तरह सही नहीं है। धार्मिक मान्यताएं एक कारण हो सकती हैं जिसके जरिये शोषण को सही ठहराया गया और देवता का आदेश बता कर विरोध के हर स्वर को दबाया गया। लेकिन व्यापक परिपेक्ष्य में देखें तो इसका कारण संसाधनों पर एक विशेष वर्ग का अधिपत्य रहना है। इस अधिपत्य को बचाने के लिए उस विशेष वर्ग ने धार्मिक मान्यताओं में इस व्यवस्था को समाहित कर लिया।

 1950 के बाद संविधान द्वारा सभी प्रकार की जातिवादी व्यवस्था को हटाने के बावजूद भी ये सामाजिक प्रथा अभी तक हिन्दू समाज का कलंक बनी हुई है। वर्ग आधारित भेदभाव विश्व के सभी बड़े समाजों में रहे हैं, गहन विचार कर देखा जाए तो उनके कारण ज्यादातर आर्थिक और राजनैतिक रहे हैं। न कि धार्मिक।

-सिद्धार्थ सिंह तोमर

Comments