शक्तिमान और शेरू
आज का ये ब्लॉग में बहुत
दुःख के साथ लिख रहा हूँ कीबोर्ड पर अक्षरों को दबाते हुए मुझे उस निर्दोष जीव शक्तिमान
की पीड़ा का ख्याल आ रहा है जो आज हमारे साथ नहीं है, मैं ये ब्लॉग उस दौर में लिख रहा
हूँ जब मैं भी व्यक्तिगत रूप से ऐसी ही स्थिति से गुजर रहा हूँ घटना ऐसी है आज से
तीन दिन पहले हम सपरिवार एक कार्यक्रम में शहर के बाहर गए थे एक दिन का सफ़र था और
अगले दिन हम घर पर थे, घर के सामने गाडी रुकी तो हमारा पालतू कुत्ता जिसे हम अपने
घरेलु सहायक के साथ घर पर ही छोड़ गए थे वो लंगड़ाता हुआ हमारे पास आया. मैंने पूछा
इसे क्या हुआ मुझे बताया गया कि रात को घर के सामने हमारे खेतों में सूअरों के झुण्ड
से इसकी भिडंत हो गई उसमे ये घायल हो गया. मैंने साधारण रियेक्ट करते हुए कहा इसे बाहर रखो मैं आता हूँ. मैं पानी पीकर सीधे ही बाहर आ गया. उसके पैर पर पट्टी बंधी
हुई थी जिससे मुझे उसकी चोट का अंदाजा नहीं लग रहा था. सफ़ेद पट्टी पर एक लाल निशान
था जैसा की साधारणतः होता है. मैंने उसकी पट्टी उतरवाई पट्टी के खुलते ही मुझे
उसकी चोट की भयावकता का आभास हुआ उसकी पैर की हड्डी घाव से बाहर निकल रही थी...और
पैर सिर्फ मांसपेसियों के बल पे ही जुड़ा हुआ था. xray करवाने पर उसकी हड्डी तीन
जगह से टूटी हुई मिली जिसे मेडिकल की भाषा में शायद कंपाउंड फ्रैक्चर कहते हैं.
अगले दिन मैं उसे ‘संभागीय पशु चिकित्सालय’ ले कर गया जहाँ उसका इलाज शुरू हुआ
पहले दो दिन तो सिर्फ इंजेक्शन और दवाई दी गईं जिससे वो स्थिर हो जाये. उसके बाद
जब डॉक्टर से मैंने इसके आगे की प्रक्रिया के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने फिर
से एक्स रे पर नजर डाली और बोलीं ‘देखिये अब जो सलाह मैं आपको देने जा रही हूँ वो
शायद आपको बुरी लगे...इसका....’ और ये बोलकर वो थोडा रुकीं मैंने उनकी बात को पूरा
कर दिया ‘AMPUTATION (अंग काटना) करना पड़ेगा???’ वो बोलीं हाँ.!!
ये बात सुनकर मैं सन्न था
थोड़ी देर रुका और पूछा और कोई आप्शन.? वो कुछ कहतीं तभी वहां एक और डॉक्टर आये
जिन्हें मैंने वहां पहले कभी नहीं देखा था. ‘वो बोले एक्स रे दिखाना’...एक्स रे देखा
और फिर कुछ देर तक कुत्ते को देखा और बोले ‘काटना नहीं पड़ेगा शायद’ उन्होंने महिला
डॉक्टर जो पहले से मेरे कुत्ते का इलाज कर रहीं उनसे कहा ‘देखिये पैर की दोनों
हड्डी टूटी हैं लेकिन एक थोडा कम टूटी है बड़ी हड्डी में हम रॉड डालकर उसे जोड़ सकते
हैं...और छोटी हड्डी को अपने आप जुडने के लिए छोड़ देंगे’. ये सुनकर मैंने लम्बी
सांस ली और उनसे ऑपरेशन की पूरी प्रक्रिया पूछी जिसे सुनकर मैंने ऑपरेशन के लिए
हामी भर दी, अगले दिन ऑपरेशन होना तय हुआ,
घर आता ही जा रहा था शाम के पांच बज के कुछ मिनट हुए थे शायद...टीवी ऑन थी और कोई न्यूज़ चैनल चल रहा था मैंने पूछा ये टीवी क्यों फालतू में चल रही हैं...माँ बोली बंद कर दो मैं बंद करना भूल गई थी, जैसे ही मैं टीवी को बंद करने के लिए बढ़ा टीवी में खबर फ़्लैश हुई कि ‘शक्तिमान घोड़े की मौत’ मै थोडा रुका फिर पूरे घटनाक्रम को याद किया कि कैसे इंसानों के हुडदंग और असंवेदनशीलता ने शक्तिमान की अंततः जान ले ली...मेरे कुत्ते पे तो जानवरों ने हमला किया था....पर शक्तिमान पे तो इंसानों ने...और वो इंसान जो खुद को सभ्य कहते हैं...वो जो नेता हैं...वो जिनको संवेदनशील होना चाहिये...वो जिनके दो पैर हैं और भयानक दांत नहीं हैं..वो जो खादीधारी हैं उन तथाकथित इंसानों ने शक्तिमान को आखिर मार ही डाला...खैर शक्तिमान इस नफरत भरी दुनिया से जा चुका है...कल मेरे कुत्ते का ऑपरेशन है...शायद वो जिन्दा बच जाये और और पैर भी न काटना पड़े...पर शक्तिमान जा चुका...है ’शेरू’ बच जाये शायद..!!!!!



Comments
Post a Comment